राजगढ़ः विकसित भारत मिशन का जिले में आगाज,गांव खुद तय करेंगे विकास के काम, रोजगार और आजीविका पर रहेगा फोकस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः विकसित भारत मिशन का जिले में आगाज,गांव खुद तय करेंगे विकास के काम, रोजगार और आजीविका पर रहेगा फोकस


राजगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री के संकल्प विकसित भारत को साकार करने की दिशा में गुरुवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) का देशव्यापी शुभारंभ किया गया। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ग्राम मुक्कावरिपल्ली से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजगढ़ जिले के ग्राम गोपालपुर में जिला स्तरीय समारोह के दौरान देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह मिशन ग्रामीण विकास का समग्र अभियान है, जिसके तहत स्थानीय जरूरतों के अनुसार रोजगार सृजन, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आजीविका संवर्धन के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फसल कटाई और कृषि कार्य के व्यस्त समय में मजदूरी कार्यों का दबाव नहीं रहे, इसके लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

सांसद रोडमल नागर ने कहा कि योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं स्वयं ग्रामवासी तय करेंगे। ग्राम पंचायतों की भागीदारी से जल संरक्षण, वृक्षारोपण, भूमि विकास, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना और आजीविका से जुड़े कार्यों का चयन किया जाएगा। वहीं विधायक अमर सिंह यादव और मोहन शर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान संबल योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story