विदिशाः कमिश्नर ने खामखेड़ा उपार्जन केंद्र पहुंचकर समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः कमिश्नर ने खामखेड़ा उपार्जन केंद्र पहुंचकर समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा


विदिशा, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को विदिशा जिले के भ्रमण के दौरान समर्थन मूल्य पर संचालित उपार्जन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम खामखेड़ा स्थित उपार्जन केंद्र पहुंचकर गेहूं, चना एवं मसूर की समर्थन मूल्य पर खरीदी हेतु किए गए व्यवस्थागत प्रबंधों का जायजा लिया तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने उपार्जन केंद्र में फसलों की गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया को भी देखा। केंद्र पर मौजूद सर्वेयरों द्वारा गेहूं, चना एवं मसूर के परीक्षण हेतु निर्धारित मापदंडों का पालन किस प्रकार किया जाता है, इसका प्रदर्शन उनके समक्ष किया गया। सर्वेयरों ने नमी की मात्रा, दानों की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप फसल परीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का समय पर एवं सुगम तरीके से उपार्जन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस दौरान संभागायुक्त संजीव सिंह ने ग्राम बल्लाखेड़ी के पंजीकृत कृषक श्री गोपाल सिंह बघेल से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसान से स्लॉट बुकिंग, उपज की तौल, भुगतान प्रक्रिया एवं केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। किसान द्वारा उपार्जन व्यवस्था के संबंध में अपने अनुभव साझा किए गए।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने संभागायुक्त को जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन हेतु किए गए प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त उपार्जन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं तथा स्लॉट बुकिंग, तौल एवं परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है।

कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि उपार्जन कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। उपार्जन केंद्रों पर पेयजल , छाया, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story