विदिशा: गंजबासौदा में दस साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपित चाचा फरार, पुलिस ने केस दर्ज किया
विदिशा/गंजबासौदा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासाैदा में विदिशा के गंजबासौदा क्षेत्र में एक 10 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके चाचा द्वारा दुष्कर्म की घटना सामने आई। घटना मंगलवार रात उस समय की है, जब बच्ची खाना देने के लिए चाचा के पास गई थी। आरोपित चाचा ने बच्ची को पकड़कर झाड़ियों में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। बुधवार काे मां की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला शहर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार रेप पीड़िता के पिता का बीती 1 फरवरी काे एक्सीडेंट हुआ था। पिता को बच्ची की मां भोपाल इलाज कराने ले गई थी। वे भोपाल के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं। मां भी पिता के साथ अस्पताल में थीं, जबकि बच्ची अपने दो छोटे भाइयों के साथ घर में थी। आराेपित ने इसी का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया। मंगलवार की रात 9 बजे बच्ची अपने चाचा को खाना देने गई थी। आरोपित और नाबालिग का घर अगल-बगल में है। इस दौरान चाचा की नीयत बिगड़ गई। बच्ची को पकड़कर घर से बाहर ले गया। घर से बाहर ले जाते वक्त नाबालिग के 12 साल के भाई ने देख लिया। करीब एक घंटे बाद जब बहन नहीं लौटी तो भाई ने झाड़ियों में जाकर देखा, तब तक आरोपी चाचा रेप की वारदात को अंजाम दे चुका था। नाबालिग के भाई ने अपने पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर देर रात 11 बजे शहर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बाद में जिला अस्पताल में बच्ची का उपचार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है और सुधार हो रहा है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह रेप पीड़िता की मां भोपाल से विदिशा जिला अस्पताल पहुंची। बेटी से मिलकर थाने गई। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की जानकारी
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपित आदतन शराब पीता है। शराब पीने की वजह से आरोपी की पत्नी भी छोड़कर मायके जा चुकी है। आरोपी वर्तमान में घर में अकेला रहता है। गांव में आए दिन विवाद करते रहता था। अपराधी किस्म का है। एसडीओपी शिखा भलावी ने बताया कि आरोपी की उम्र 23 वर्ष है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

