विदिशाः डायल-112 के जवानों ने रास्ता भटकी 08 वर्षीय बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
विदिशाः डायल-112 के जवानों ने रास्ता भटकी 08 वर्षीय बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया


भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशील एवं तत्पर कार्रवाई से घर का रास्ता भटक गई 08 वर्षीय बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। समय पर की गई इस मानवीय पहल से बालिका को सुरक्षा एवं परिवार का सान्निध्य पुनः प्राप्त हो सका।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि 15 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुरा में एक 08 वर्षीय बालिका अकेली मिली है, जो घर का रास्ता भटक गई है एवं पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक गजेंद्र राठौर एवं पायलट नासिर खान ने बालिका को अपने संरक्षण में लिया। बालिका से पूछताछ करने पर बालिका अपने परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। डायल-112 टीम ने बालिका को साथ लेकर आसपास क्षेत्र में पूछताछ कर परिजनों की तलाश की। इस दौरान बालिका के परिचित व्यक्तियों की सहायता से परिजनों की जानकारी प्राप्त हुई, जिनके माध्यम से बालिका के घर तक पहुँचा गया।जहाँ बालिका द्वारा पहचान एवं आवश्यक सत्यापन उपरांत उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया। डायल-112 जवानों की संवेदनशील एवं समर्पित कार्यवाही से एक मासूम बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुँचाया जा सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story