विदिशा: जमीन विवाद में दंपती ने खाया जहर, पत्नी की मौत, परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
विदिशा: जमीन विवाद में दंपती ने खाया जहर, पत्नी की मौत, परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप


विदिशा, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के चिडोरिया पड़ायत गांव में लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक जमीन विवाद ने एक परिवार को गहरे संकट में धकेल दिया। 40 बीघा जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते एक दंपति ने बुधवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसमें पत्नी की माैत हाे गई,जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।

जहरीला पदार्थ खाने वाले दंपती की पहचान 40 वर्षीय मुन्नीबाई दांगी और उनके पति सुरेश दांगी के रुप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुरेश दांगी का अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जमीन की हिस्सेदारी और खेती को लेकर पिछले छह वर्षों से विवाद चल रहा था। बुधवार को हार्वेस्टर खेत ले जाने को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां मुन्नीबाई ने ईलाज के दाैरान देर रात दम तोड़ दिया, जबकि सुरेश दांगी का गंभीर हालत में उपचार जारी है।

वर्षों से प्रताड़ना का आरोप

दंपती के बेटे विनीत दांगी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को लंबे समय से खेती नहीं करने दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि परिवार के कुछ सदस्य लगातार विवाद और दबाव बना रहे थे। इस संबंध में पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। विनीत का कहना है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो परिवार का न्याय व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।

बेटी ने लगाए मानसिक दबाव के आरोप

दंपती की बेटी अंजली दांगी ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके अनुसार, खेत से जुड़े विवाद और झगड़ों से परेशान होकर ही उन्होंने यह कदम उठाया। अंजली ने अपने ताऊ, ताई, दादी सहित परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

चार बच्चों के सामने भविष्य की चुनौती

सुरेश और मुन्नीबाई दांगी के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बड़ी बेटी का हाल ही में विवाह हुआ है, जबकि अन्य तीन बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मां की मृत्यु और पिता की गंभीर स्थिति ने पूरे परिवार, विशेषकर बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जमीन विवाद की पृष्ठभूमि, जहर सेवन की परिस्थितियां और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story