श्योपुरः विधायक के बेटे ही हालत गंभीर, ग्वालियर से दिल्ली रेफर
श्योपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में विधानसभा विजयपुर के कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के बेटे नितिन मल्होत्रा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद स्थिति नाजुक बताई जा रही है। शनिवार को नितिन को ग्वालियर अपोलो अस्पताल से दिल्ली के लिये रेफर किया गया है। इस सड़क हादसे के बाद से ही परिवार पूरी तरह से चिंतित है।
मालूम हो कि, पनवाड़ा-कराहल सड़क मार्ग पर गुरूवार की रात को हुए गंभीर सड़क हादसे में विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा के पुत्र नितिन मल्होत्रा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह सड़क हादसा उस समय हुआ जब नितिन बाइक से पनवाड़ा मंदिर की ओर से कराहल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि नितिन मल्होत्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया, वहीं सिर में भी गहरी चोट आई है। कराहल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नितिन को शिवपुरी रेफर किया गया था, लेकिन विधायक मल्होत्रा अपने बेटे को बेहतर उपचार के लिये ग्वालियर के अपोलो हॉस्पीटल लेकर गये, खबर है कि यहां भी नितिन की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। हादसे के बाद से ही वे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती थे, लेकिन शनिवार को उनकी तबियत को बिगड़ते देख, विधायक सहित उनके परिजन उन्हें दिल्ली के फरियाबाद स्थित निजी हॉस्पीटल अमृता में भर्ती कराया गया है। जिन्हें वेंटीलेटर पर ग्वालियर से दिल्ली रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि नितिन की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव

