जबलपुरः ऐतिहासिक गदा यात्रा में गूंजा हिन्दू राष्ट्र का संकल्प, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः ऐतिहासिक गदा यात्रा में गूंजा हिन्दू राष्ट्र का संकल्प, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल


जबलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। हिन्दू सेवा परिषद् के चतुर्दश स्थापना दिवस एवं हिन्दू नववर्ष के अवसर पर मंगलवार को नौदरा ब्रिज स्थित हनुमान मंदिर से भव्य गदा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा।

यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हिन्दू राष्ट्र के संकल्प के जयघोष करते हुए शहर में धार्मिक उत्साह का वातावरण निर्मित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. स्वामी राघव देवाचार्य, आचार्य धीरेन्द्र पांडे, हैदराबाद से आए विधायक टी. राजा सिंह एवं हिन्दू जनजागृति के प्रचारक श्री राम काणे उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि टी. राजा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उज्जैन के महाकाल मंदिर की तर्ज पर जबलपुर के बूढ़ी खेरमाई मंदिर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से धर्मांतरण के विरोध में आगे आने का आह्वान करते हुए हिन्दू राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने की बात कही। साथ ही गौहत्या, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष अतुल जेसवानी ने बताया कि यात्रा का मुख्य आकर्षण 31 फीट ऊंचा मिट्टी से बना चांदी रंग का गदा और भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा रही। इसके अलावा 10 फीट का त्रिशूल, झांकियां, बैंड-बाजे, ढोल और भगवा ध्वज यात्रा में शामिल रहे।

गदा यात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर करमचंद चौक, तुलाराम चौक, अंधेरदेव, खजांची चौक, फुहारा, लार्डगंज और सुपर मार्केट होते हुए सिविक सेंटर पहुंचकर सम्पन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

यात्रा प्रारंभ होने से पहले मंदिर में संतों के सान्निध्य में महाआरती की गई और भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया गया। आयोजकों के अनुसार यात्रा में 11 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर नितिन सोनपाली, सौरभ जैन, अक्षय क्षा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story