युवाओं में वैचारिक जागरण और राष्ट्रभक्ति का संदेश, ‘युवा संवाद’ में संस्कृति व सामाजिक समरसता पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं में वैचारिक जागरण और राष्ट्रभक्ति का संदेश, ‘युवा संवाद’ में संस्कृति व सामाजिक समरसता पर मंथन


जबलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल महानगर के तत्वावधान में शनिवार को सदर स्थित जे.के. सेलिब्रेशन में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वैचारिक जागरण, राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति केवल भविष्य की ताकत नहीं, बल्कि वर्तमान में समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति दायित्वों को समझते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

‘युवा संवाद’ में धर्म एवं संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर विचार रखे गए। वक्ताओं ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्’ के संदेश के माध्यम से एकजुटता, आपसी संवाद और सामूहिक चिंतन पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी रही। युवाओं में आयोजन को लेकर उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र, समाज, धर्म और संस्कृति के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

आयोजन के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि संस्कारित, संगठित और जागरूक युवा समाज के रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story