जबलपुरः रामायण फिल्म पर प्रतिबंध लगाए सरकार, विहिप ने की सेंसर सर्टिफिकेट निरस्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः रामायण फिल्म पर प्रतिबंध लगाए सरकार, विहिप ने की सेंसर सर्टिफिकेट निरस्त करने की मांग


जबलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने निर्माणाधीन रामायण फिल्म को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए केंद्र सरकार से इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

गुरुवार को जबलपुर प्रवास के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में रामायण जैसे पवित्र महाकाव्य का विकृत चित्रण किया गया है और भगवान श्रीराम के बजाय रावण का महिमामंडन करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म का सेंसर सर्टिफिकेट निरस्त करने के साथ ही इसे ऑस्कर के लिए नहीं भेजने की मांग भी उठाई।

परांडे ने कहा कि रावण महिलाओं पर अत्याचार करने वाला और ऋषि-मुनियों की हत्या का समर्थक था। ऐसे चरित्र का महिमामंडन भारतीय संस्कृति और रामायण की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने आशंका जताई कि फिल्म की गलत प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा मिलने से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंच सकता है।

प्रेस वार्ता में उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के देशव्यापी हितचिंतक अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत देशभर में एक करोड़ हिंदुओं को संगठन से जोड़ने और दो लाख गांवों तक पहुंच बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महाकौशल प्रांत में इस अभियान के माध्यम से 10 लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

आगामी जनगणना के संदर्भ में भी मिलिंद परांडे ने हिंदू समाज से विशेष अपील की।

उन्होंने कहा कि जनगणना में धर्म के कॉलम में अपनी पहचान 'हिंदू' दर्ज कराएं। वहीं हिंदी भाषी क्षेत्रों के लोगों से पहली भाषा के रूप में हिंदी और दूसरी भाषा के रूप में संस्कृत का उल्लेख करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story