जबलपुर : रांझी थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : रांझी थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का प्रदर्शन


जबलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। रांझी थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, महिलाओं के साथ अभद्रता और असामाजिक गतिविधियों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल आयुध जिला के कार्यकर्ताओं ने रविवार को रांझी थाने का घेराव कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा।

संगठन का कहना है कि क्षेत्र में देर रात तक सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इसके साथ ही चोरी की बढ़ती वारदातों और अवैध कबाड़ दुकानों के संचालन पर भी संगठन ने चिंता जताई।

ज्ञापन के माध्यम से विहिप और बजरंग दल ने मांग की है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से स्कूलों की छुट्टी के समय तथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।

संगठन ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, शराब दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की भी मांग की है।

विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story