जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल का त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम, निकली भव्य शौर्य यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल का त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम, निकली भव्य शौर्य यात्रा


जबलपुर, 14 जून (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, महाकौशल प्रांत के जबलपुर विभाग द्वारा रविवार को मानस भवन में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम एवं वृहद शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान हिन्दू एकता, संगठन और सांस्कृतिक जागरूकता पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मार्गदर्शन मंडल के सदस्य स्वामी परमानंद महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं से धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए सजग एवं समर्पित रहने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता क्षेत्र संगठन मंत्री जितेन्द्र सिंह पवार ने समाज के संगठन, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होता है। वहीं बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक विश्ववर्धन भट्ट ने युवाओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज व राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़ने की अपील की।

त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम के बाद मानस भवन से शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मानस भवन पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भगवा ध्वज, जयघोष और धार्मिक नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।

आयोजकों के अनुसार यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में शामिल होकर हिन्दू एकता और संगठन के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story