भगवा एवं संत-महात्माओं के सम्मान में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
भगवा एवं संत-महात्माओं के सम्मान में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


जबलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस द्वारा भगवा एवं संत-महात्माओं के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में मध्य प्रदेश के जबलपुर महानगर के तीनों जिलों माँ नर्मदा जिला, आयुध जिला और रानी दुर्गावती जिला में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन किया तथा प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित प्रकरण में कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि भगवा और संत समाज भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के प्रतीक हैं तथा इनके सम्मान से जुड़ी भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी टिप्पणी की निंदा की जानी चाहिए।

तीनों जिलों में विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुए। कार्यक्रम के समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने कहा कि यदि भविष्य में भी भगवा एवं संत-महात्माओं के सम्मान पर किसी प्रकार का आघात किया जाता है तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर जनजागरण और विरोध प्रदर्शन जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story