वीएफजे के टेस्टिंग ग्राउंड में जोरदार विस्फोट, ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वॉड

WhatsApp Channel Join Now
वीएफजे के टेस्टिंग ग्राउंड में जोरदार विस्फोट, ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, मौके पर पहुंचा डॉग स्क्वॉड


जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (वीएफजे) के टेस्टिंग ग्राउंड में शनिवार को अचानक हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाके की चपेट में आने से वहां काम कर रहा एक ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल वीएफजे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अनंत अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, टेस्टिंग ग्राउंड में इन दिनों मुरुम की भराई का काम चल रहा है। इसके लिए भारी वाहनों से मुरुम लाकर निर्धारित स्थानों पर डाली जा रही है। शनिवार को भी कर्मचारी इसी काम में जुटे थे।

इसी दौरान मुरुम डालने के कार्य की निगरानी कर रहे एक ठेका कर्मचारी के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया।

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मुरुम के साथ कोई विस्फोटक पदार्थ भी टेस्टिंग ग्राउंड तक पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि मुरुम डालने के दौरान यह पदार्थ नीचे गिरा और अचानक विस्फोट हो गया। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह और विस्फोट में इस्तेमाल या शामिल पदार्थ की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रशासन के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर विस्फोट के कारणों की पड़ताल की जा रही है। संभावित विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मुरुम कहां से लाई गई थी और उसमें किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की आशंका कितनी सही है।

विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। यदि मुरुम के साथ विस्फोटक पदार्थ आया था, तो वह फैक्ट्री परिसर तक कैसे पहुंचा और भराई के दौरान उसकी पहचान क्यों नहीं हो सकी, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस और फैक्ट्री प्रशासन की जांच जारी है। विस्फोट की वास्तविक वजह विशेषज्ञों की जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story