राजगढ़ःवैष्णोदेवी मंदिर से निकला दुर्गावाहिनी का शक्ति संचलन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःवैष्णोदेवी मंदिर से निकला दुर्गावाहिनी का शक्ति संचलन


राजगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नारी शक्ति, साहस और आत्मविश्वास का संदेश लेकर मंगलवार सुबह ब्यावरा में दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं ने शक्ति संचलन निकाला। वैष्णोदेवी मंदिर से शुरू हुआ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार से होकर गुजरा। इसमें दुर्गावाहिनी की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संचलन का समापन वापस वैष्णोदेवी मंदिर परिसर में हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अश्विता गर्ग ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में भोपाल से आईं साध्वी रंजना उपस्थित रहीं। उन्होंने नारी सशक्तिकरण पर जोर देते हुए महिलाओं से अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सजग, आत्मनिर्भर और सशक्त बनकर समाज में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही दुर्गावाहिनी की गतिविधियों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं से संगठन से जुड़ने की अपील की।

साध्वी रंजना ने भारतीय नारी शक्ति को दुर्गा का स्वरूप बताते हुए कहा कि साहस, आत्मविश्वास और जागरूकता महिलाओं की ताकत हैं। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक चुनौतियों और लव जिहाद जैसे कथित षड्यंत्रों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक रहना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए।

शक्ति संचलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति, एकजुटता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में दुर्गावाहिनी की विभाग संयोजिका रीना चैधरी, जिला संयोजिका इशिका अहिरवार, हर्षिता अहिरवार, मंजू आर्य, जिला सह-संयोजिका साधना जायसवाल और वर्षा गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767930 Articles

Share this story