भोपाल नगर निगम के खाली भवन अब किराये पर होंगे, परिषद ने बहुमत से प्रस्ताव मंजूर किया

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल नगर निगम के खाली भवन अब किराये पर होंगे, परिषद ने बहुमत से प्रस्ताव मंजूर किया


भोपाल नगर निगम के खाली भवन अब किराये पर होंगे, परिषद ने बहुमत से प्रस्ताव मंजूर किया


न्यू मार्केट, स्मार्ट सिटी कार्यालय, आईएसबीटी और माता मंदिर स्थित भवनों को किराये पर देने का रास्ता साफ

भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। भोपाल नगर निगम अपने स्वामित्व वाले खाली भवनों का अब किराये के लिए उपयोग करेगा। नगर निगम परिषद के बुधवार को हुए साधारण सम्मिलन में निगम के रिक्त भवनों को मासिक किराये पर दिए जाने से संबंधित प्रस्तावों को विस्तृत चर्चा के बाद बहुमत से मंजूरी दे दी गई। परिषद ने न्यू मार्केट, स्मार्ट सिटी कार्यालय, मनीषा मार्केट शाहपुरा, आईएसबीटी और माता मंदिर क्षेत्र स्थित रिक्त भवनों को किराये पर देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।

निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई परिषद की बैठक में कार्यसूची में शामिल विभिन्न विषयों पर महापौर मालती राय, महापौर परिषद के सदस्यों, सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने चर्चा की। अध्यक्ष ने भवनों को किराये पर देने की कार्रवाई में सभी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कई भवन किराये पर देने को मंजूरी

परिषद ने न्यू मार्केट स्थित जनसंपर्क कार्यालय के रिक्त भवन को मासिक किराये पर देने का प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा स्मार्ट सिटी कार्यालय के अग्रभाग में स्थित खाली कार्यालय, मनीषा मार्केट शाहपुरा के पास भवन अनुज्ञा शाखा का रिक्त कार्यालय, आईएसबीटी स्थित कार्यालय तथा माता मंदिर के हर्षवर्धन कॉम्प्लेक्स स्थित रिक्त कार्यालय को किराये पर देने की अनुमति दी गई।

अध्यक्ष की अनुमति से महापौर परिषद के सदस्य जगदीश यादव द्वारा फतेहगढ़ स्थित अन्नपूर्णा भवन के ऊपरी तल किराये पर देने से संबंधित प्रस्ताव भी सदन में रखा गया, जिसे बहुमत से मंजूरी दे दी गई।

अटल भवन के सर्विस ब्लॉक आवंटन को भी स्वीकृति

परिषद ने जोन क्रमांक-7 के वार्ड क्रमांक-31 में स्थित नगर निगम के नवीन मुख्यालय अटल भवन के सर्विस ब्लॉक के आवंटन संबंधी प्रस्ताव को भी बहुमत से पारित किया।

निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि सभी स्वीकृत भवनों को किराये पर देने की प्रक्रिया में नियमों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोन चिरैया हॉकर कॉर्नर की ई-निविदा पर पुनर्विचार

परिषद की बैठक में सोन चिरैया हॉकर कॉर्नर की ई-निविदा से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद निगम अध्यक्ष ने प्रस्ताव को पुनर्विचार के लिए महापौर परिषद को वापस भेजने की व्यवस्था दी।

खाली भवनों के बेहतर उपयोग का दावा

महापौर मालती राय ने कहा कि नगर निगम के जो भवन खाली हुए हैं, उन्हें व्यवस्थित रखने और उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए किराये पर देने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी भवन नियमानुसार ही किराये पर दिए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत नगर निगम को शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इसके अलावा प्रत्येक पार्षद को 50 लाख रुपये वार्ड नियोजन निधि और संपत्तिकर की 50 प्रतिशत राशि विकास कार्यों के लिए आवंटित की गई है। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों को लेकर सक्रिय रहने और योजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।

गर्मियों में जल संकट नहीं होने का दावा

आगामी गर्मी में शहर में जलप्रदाय को लेकर पार्षदों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में महापौर ने कहा कि हाल में हुई अच्छी बारिश से बड़ा तालाब, कोलार बांध और केरवा बांध में पर्याप्त पानी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा में भी पर्याप्त जल उपलब्ध है, इसलिए आगामी गर्मी में जलप्रदाय को लेकर स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है।

दिवंगतों को श्रद्धांजलि

बैठक की शुरुआत में निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बीते दिनों और आगामी त्योहारों की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। परिषद को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने से पहले सदस्यों ने वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत, भाजपा पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष संजय सिंह यादव, कर्नाटक सरकार के पूर्व मंत्री रामचंद्र गौड़ा, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी एवं दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण वोरा की माता शांति बोरा, विदिशा की पूर्व विधायक सुशीला देवी और पार्षद गीता माली की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story