राजगढ़ः उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई डॉ. अंबेडकर जयंती, निकली रैलियां और चल-समारोह

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई डॉ. अंबेडकर जयंती, निकली रैलियां और चल-समारोह


राजगढ़, 14 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाई गई। ब्यावरा शहर सहित आसपास के गांवों में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वाहन रैलियां और चल-समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

ब्यावरा शहर में जाटव समाज नवयुवक मंडल द्वारा समाज की धर्मशाला से वाहन रैली निकालकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर पुनः धर्मशाला पहुंची। इसके बाद समाजजनों ने चल-समारोह निकाला, जो सुठालिया रोड, मैन मार्केट और पीपल चैराहे से होते हुए अंबेडकर चैराहे तक पहुंचा। कार्यक्रम के समापन पर समाज के प्रमुख वक्ताओं ने संबोधित करते हुए शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को शिक्षित करने और समाज में समानता का वातावरण बनाने पर जोर दिया।

इसी क्रम में नजदीकी ग्राम बरखेड़ा में अहिरवार समाज ने भव्य चल-समारोह का आयोजन किया। जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल पहुंचा, जहां समाजजनों ने बाबा साहेब की पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ग्राम मलावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर जयंती को उत्साहपूर्वक मनाते हुए उनके जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ नेताओं ने समाजहित में उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। सुठालिया कस्बे में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया। डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूरे क्षेत्र में सामाजिक समरसता, जागरूकता और समानता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story