नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम संशोधित, फोटोयुक्त अंतिम सूची 27 जुलाई को होगी जारी

WhatsApp Channel Join Now
नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम संशोधित, फोटोयुक्त अंतिम सूची 27 जुलाई को होगी जारी


भोपाल, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के पूर्व में जारी कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब प्रारूप मतदाता सूची में दावे-आपत्ति 25 जून तक लिये जायेंगे। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने साेमवार काे दी है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दावे-आपत्तियों का निराकरण 2 जुलाई तक किया जायेगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 27 जुलाई को किया जायेगा। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जुलाई को होना था।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग दीपक सिंह ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण के लिये निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story