भोपाल में डेयरी से गोवंश के अवशेष मिलने पर बवाल, 3 गिरफ्तार, विरोध के बाद डेयरी तोड़ी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में डेयरी से गोवंश के अवशेष मिलने पर बवाल, 3 गिरफ्तार, विरोध के बाद डेयरी तोड़ी


कोलार थाने का घेराव, वीएचपी-बजरंग दल के प्रदर्शन के बीच संदेही से मारपीट के वीडियो आए सामने

भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र के दामखेड़ा में कलियासोत नदी के पास संचालित एक डेयरी से गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद शुक्रवार सुबह हंगामा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेष जब्त किए और डेयरी संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव तथा राशिद खान को गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोलार थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के बीच पुलिस और नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में डेयरी को तोड़ने की कार्रवाई भी की गई। मामले को लेकर इलाके में आक्रोश के बीच एक संदेही के साथ मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस अब जब्त अवशेषों की जांच, आरोपियों से पूछताछ और कथित गतिविधि में अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी मामले में कठोर कार्रवाई करने और अवैध डेयरी हटाने की बात कही है।

सुबह 4 बजे सूचना, पुलिस ने डेयरी पर दी दबिश

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे दामखेड़ा स्थित डेयरी में गोवंश के कथित कटान की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान गोवंश के कटे हुए अवशेष मिले, जिन्हें जब्त कर जांच शुरू की गई। पुलिस को आशंका है कि गोवंश को घटना से पहले काटा गया था और उसके अन्य अंग कहीं दूसरी जगह ले जाए गए। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवशेष कहां ठिकाने लगाए गए और इस मामले में अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं। जब्त अवशेषों की जांच से भी मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।

वीएचपी-बजरंग दल ने किया थाने का घेराव

घटना की जानकारी मिलने के बाद वीएचपी और बजरंग दल, नया भोपाल के कार्यकर्ता सुबह करीब 6 बजे डेयरी पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कोलार थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, डेयरी हटाने और क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आरोपियों का जुलूस निकालने सहित अन्य मांगें भी उठाई गईं। पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। विरोध के बाद नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में डेयरी को तोड़ने की कार्रवाई की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश की स्थिति बनी। इसी दौरान एक संदेही के साथ मारपीट किए जाने के वीडियो सामने आए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है, ताकि अवशेष मिलने के मामले के साथ मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों का भी पता लगाया जा सके।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कही सख्त कार्रवाई की बात

मामले को लेकर भोपाल के विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कठोर कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे और अवैध डेयरी को हटाया जाएगा।

कांग्रेस ने भी सरकार से मांगा जवाब

घटना को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज और प्रदेश महासचिव अमित शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर वीडियो जारी किया। कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर चिंता जताई और प्रदेश सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दामखेड़ा में गाय और बछड़ों को काटे जाने की खबर गंभीर है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे अपराध किसके संरक्षण में हो रहे हैं और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने सरकार से मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कथित तौर पर संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल राजनीतिक बयानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

डेयरी पर पहले भी कार्रवाई होने की चर्चा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कलियासोत नदी के पास स्थित इस डेयरी के खिलाफ पहले भी नगर निगम की कार्रवाई हुई थी। हालांकि, इसके बाद दोबारा संचालन शुरू होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में पूर्व कार्रवाई के रिकॉर्ड और डेयरी के संचालन की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गोवंश के अवशेषों की जांच, कथित कटान से जुड़े साक्ष्य और अन्य लोगों की भूमिका सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story