राजगढ़ःजिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न, व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
राजगढ़, 18 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने शनिवार को हुई जिला उपार्जन समिति की बैठक में समर्थन मूल्य पर चल रही खरीदी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाने (जूट बैग) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि डीएम नॉन द्वारा पोर्टल पर बारदाने की जानकारी दर्ज नहीं की जाती है, तो संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने उपार्जित फसल के त्वरित भुगतान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भुगतान में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए उपार्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाएँ समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरी की जानी चाहिए। उपार्जन कार्य की सुचारू व्यवस्था पर जोर देते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन प्रणाली की दक्षता से जिले के कृषि क्षेत्र की प्रगति एवं किसानों की संतुष्टि सुनिश्चित होती है। बैठक में जिला उपार्जन समिति के सदस्यगण सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

