उज्जैन में महाकाल सवारी मार्ग की दुकानों एवं भवनों का रंग, साइन बोर्ड में होगी एकरूपता

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में महाकाल सवारी मार्ग की दुकानों एवं भवनों का रंग, साइन बोर्ड में होगी एकरूपता


उज्जैन, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ के पूर्व महाकाल सवारी मार्ग को एक रूप देने की पहल महापौर मुकेश टटवाल ने की है। सवारी मार्ग के सभी मकानों,दुकानों,प्रतिष्ठानों का एक ही रंग तथा एक ही प्रकार के साइन बोर्ड सवारी मार्ग पर लगेंगे।

महापौर टटवाल के अनुसार रविवार अपरांह 3 बजे होटल अबीका में सवारी मार्ग के सभी व्यापारियों,भवनों के नागरिकों के साथ बैठक बुलाई है। बैठक में बताया जाएगा कि बाबा महाकाल की सवारी एवं सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए सवारी मार्गों के चौड़ीकरण एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं। मार्ग को यातायात एवं आवागमन की दृष्टि से सुगम बनाने के साथ ही अब संपूर्ण सवारी मार्ग को एकरूप एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाना है।

बैठक में दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं मकानों की रंग-सज्जा में एकरूपता, एक समान स्वरूप के साइन बोर्ड, मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा संपूर्ण क्षेत्र को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने को लेकर व्यापारियों एवं नागरिकों से चर्चा की जाएगी। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद, जोन अध्यक्ष एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होने कहाकि सवारी मार्ग शहर की पहचान के साथ बाबा महाकाल की सवारी का महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए इसे सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इनसे होगा संवादबैठक में सत्यनारायण मंदिर से ढाबा रोड, छत्री चौक, टंकी चौक, कोयला फाटक से निजातपुरा होते हुए कंठाल तथा कंठाल चौराहा से सती गेट एवं छत्री चौक तक के क्षेत्र में स्थित व्यापारियों एवं नागरिकों से संवाद किया जाएगा। जहां पर नगर निगम द्वारा चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण किया गया है। बैठक में व्यापारियों एवं नागरिकों के सुझाव भी लिए जाएंग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story