मंदसौरः गांव चलो अभियान के तहत सांसद सुधीर गुप्ता ने ग्रामों में किया सीधा संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः गांव चलो अभियान के तहत सांसद सुधीर गुप्ता ने ग्रामों में किया सीधा संवाद


मंदसौर, 09 अप्रैल (हि.स.)। सांसद सुधीर गुप्ता ने मध्य प्रदेश के मंदसौर-सुवासरा-मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव चलो अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने लदुना, राजनगर, ईश्वरपुर (ईशाकपुर), भगोर, तुमडावदा, झावल, कुचडौद, धमनार, धुधंडका, निरधारी, मजेसरा एवं बनी सहित विभिन्न ग्रामों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

इस अवसर पर सांसद ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और राज्य की मोहन यादव सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों सरकारें आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, लाड़ली लक्ष्मी योजना, जैसी योजनाओं से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है।

सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार भी किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। गांव-गांव में सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने गांव के विकास में सहभागी बनें।

जनसंपर्क के दौरान सांसद गुप्ता ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार किसानों और ग्रामों के विकास के लिए सदैव खडी है और अंतिम व्यक्ति के विकास से ही हमारा यह अभियान सफल होगा। अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकतार्ओं में भी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story