उमरिया: चलती मालगाड़ी में धुआं उठने से मचा हड़कंप, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया: चलती मालगाड़ी में धुआं उठने से मचा हड़कंप, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


बिरसिंहपुर पाली स्टेशन पर रोकी गई कोयला लदी ट्रेन, दमकल टीम ने एक घंटे में पाया काबू

उमरिया, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहडोल से कटनी की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के तीन डिब्बों से अचानक धुआं उठने लगा। चलती ट्रेन से धुआं और हल्की आग की लपटें निकलती देख रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

मालगाड़ी के गार्ड और लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत रेलवे कंट्रोल और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रेन को बिरसिंहपुर पाली स्टेशन पर रोका गया। जांच में सामने आया कि मालगाड़ी के बीच के तीन डिब्बों में लदे कोयले में सुलगन होने से तेज धुआं निकल रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग और धुएं पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।

रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस लेते हुए डिब्बों की सुरक्षा जांच कराई, जिसके बाद मालगाड़ी को पुनः कटनी की ओर रवाना कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में ये वजह आई सामने

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि भीषण गर्मी, कोयले के भीतर पैदा हुई गर्माहट या घर्षण के कारण आग सुलग उठी। हालांकि रेलवे विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने की सराहना

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई थी। लेकिन लोको पायलट, गार्ड, रेलवे कर्मचारियों और दमकल टीम की सूझबूझ व त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने रेलवे और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story