उमंग सिंघार का आरोप, कहा- गेहूं खरीदी में देरी से बिचौलियों को फायदा, सीहोर में किसानों के साथ किया कलेक्टर कार्यालय का घेराव
भाेपाल/ सीहोर, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गेहूं खरीदी में जानबूझकर देरी की जा रही है, ताकि भाजपा से जुड़े एजेंटों और बिचौलियों को फायदा पहुंचाया जा सके।
सीहोर में गुरुवार काे आयोजित किसान आंदोलन और कलेक्टर कार्यालय घेराव में शामिल होकर सिंघार ने किसानों के समर्थन में जोरदार आवाज़ उठाई। इस दौरान वे किसानों के साथ धरने पर भी बैठे, जहां बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपने संबोधन में सिंघार ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में 19 लाख किसानों का पंजीकरण हुआ है और लगभग 1.60 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं की मांग है, लेकिन खरीदी मात्र 78 लाख मीट्रिक टन ही की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि शेष 82 लाख मीट्रिक टन गेहूं का क्या होगा और किसानों के भविष्य को लेकर सरकार की क्या योजना है।
उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम दिनों में जनसुनवाई के दौरान अधिकारी जनता से मिलने की बात करते हैं, लेकिन जब किसान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, तो उनकी आवाज़ को नजरअंदाज किया गया। सिंघार ने आरोप लगाया कि छोटे किसानों को मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दामों में बेचनी पड़ी, क्योंकि सरकार ने समय पर खरीदी शुरू नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि 400 रूपये प्रति क्विंटल के लाभ में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और यह राशि किसानों के बजाय बिचौलियों के खातों में जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन की चुप्पी पर चिंता जताते हुए कहा कि “सरकार चुप है, कलेक्टर गायब हैं, यह स्थिति बेहद गंभीर है। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।” सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए सिंघार ने कहा कि भाजपा बड़े-बड़े आयोजनों और विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन किसानों को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लंबे कार्यकाल के बावजूद किसानों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल सकीं।
सिंघार ने प्रदेश की योजनाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई महिलाओं को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है और भुगतान में भी अनियमितता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कृषि मंत्री के जवाब पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जब खाद की उपलब्धता पर सवाल पूछा गया, तो जवाब मिला कि ‘वेट करो’। क्या किसान इंतजार करता रहेगा और उसकी फसल बर्बाद हो जाएगी?”
अंत में सिंघार ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी और जरूरत पड़ी तो इसके लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

