नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हरदीप पुरी को राज्यसभा टिकट और कूनो में चीता शावक की मौत पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हरदीप पुरी को राज्यसभा टिकट और कूनो में चीता शावक की मौत पर उठाए सवाल


भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का टिकट दिए जाने और कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत के मामले में प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने राज्यसभा टिकट के फैसले को भाजपा की राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए प्रदेश के नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। वहीं, चीता शावक की मौत और उसके शरीर में छर्रे मिलने की जानकारी को वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हरदीप सिंह पुरी को मप्र से राज्यसभा का टिकट दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका को नजरअंदाज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने मध्यप्रदेश की सीट का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों और सियासी समीकरणों को साधने के लिए किया है।

सिंघार ने हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल्स से जुड़ी चर्चाओं के संदर्भ में उठाते हुए भाजपा के फैसले पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भाजपा की राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, प्रदेश में योग्य नेताओं की मौजूदगी के बावजूद दूसरे राज्यों के नेताओं को प्राथमिकता देना स्थानीय नेतृत्व के प्रति पार्टी की सोच पर सवाल खड़े करता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश के राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने भाजपा से राज्यसभा उम्मीदवार के चयन के पीछे की राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर सवाल किए।

कूनो में चीता शावक की मौत पर सरकार से जवाब मांगा

कूनो नेशनल पार्क में चीता शावक की मौत और उसके शरीर में छर्रे मिलने की बात सामने आने के बाद उमंग सिंघार ने वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में चीतों के संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार दावे किए जाते रहे हैं। ऐसे में इस घटना की परिस्थितियों की जांच होना जरूरी है।

सिंघार ने कहा कि यदि संरक्षित क्षेत्र में चीता शावक की मौत के मामले में उसके शरीर में छर्रे मिलने की पुष्टि होती है, तो यह वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के संबंध में गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए सिंघार ने सवाल किया कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कब होगी और उनके खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने चीता शावक की मौत के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। दोनों मुद्दों पर सिंघार ने भाजपा और प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story