महाकाल मंदिर में 6 से 12 अक्टूबर तक उमा-सांझी महोत्सव, रोज होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
महाकाल मंदिर में 6 से 12 अक्टूबर तक उमा-सांझी महोत्सव, रोज होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन


महाकाल मंदिर में 6 से 12 अक्टूबर तक उमा-सांझी महोत्सव, रोज होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन


उज्जैन, 05 अक्टूबर (हि.स.)। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्राद्ध पक्ष में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला उमा-सांझी महोत्सव इस वर्ष 06 से 12 अक्टूबर तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। सात दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पारंपरिक प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितगण विधि-विधान के साथ संपन्न कराएंगे। इस दौरान प्राचीन सांझी जी की शिला पर प्रतिदिन आकर्षक एवं कलात्मक रंगोली सजाई जाएगी। भगवान श्री महाकालेश्वर के विभिन्न स्वरूपों के मुखौटों से मनोहारी झांकियां भी सजाई जाएंगी। महोत्सव के तहत श्री महाकाल महालोक में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

06 अक्टूबर : घट स्थापना और वसंत पूजा

महोत्सव के पहले दिन मंगलवार को घट स्थापना एवं वसंत पूजा होगी। संध्या आरती के बाद 21 ब्राह्मणों द्वारा वसंत पूजा की जाएगी। इसके बाद महाकाल महालोक में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें खरगोन के संजय महाजन का लोक नृत्य समूह और नर्मदापुरम की ममता मिश्रा का लोक गायन होगा।

07 अक्टूबर : चित्रकला प्रतियोगिता

बुधवार को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में भोपाल की शीला त्रिपाठी लोक गायन, उज्जैन की डॉ. संजना चौहान लोक नृत्य समूह और उज्जैन की काव्या नागर लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगी।

08 अक्टूबर : श्लोक पाठ प्रतियोगिता

गुरुवार को श्लोक पाठ प्रतियोगिता होगी। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मंदसौर की गायत्री धाकड़ और इंदौर की शीतल अत्रे लोक गायन प्रस्तुत करेंगी। प्रतिभा संगीत कला संस्थान, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य समूह की प्रस्तुति दी जाएगी।

09 अक्टूबर : रंगोली प्रतियोगिता

शुक्रवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके बाद लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में उज्जैन की तृप्ति नागर एवं मालव प्रेम नाट्य कला केंद्र, उज्जैन की प्रियंका सेन लोक गायन प्रस्तुत करेंगी। जयपुर की सानिका साठे लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगी।

10 अक्टूबर : तात्कालिक भाषण और रात्रि जागरण

शनिवार को तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता के साथ लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। शाजापुर के दिनेश कुमार धोलपुरे लोक गायन, उज्जैन की विनती जैन लोक नृत्य समूह और उज्जैन की हिया चौबे लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसी दिन रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक सभामंडप में जसवंत शर्मा (जस्सू गुरु) एवं मंडली द्वारा सुंदरकांड पाठ और रात्रि जागरण किया जाएगा।

प्रतिदिन होगा हरि कीर्तन

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक सभामंडप में हरि कीर्तन का आयोजन होगा। इसमें ग्वालियर के योगेश पुरंदरे ढोली बुआ महाराज एवं सहयोगी प्रस्तुति देंगे।

11 अक्टूबर : कन्या पूजन और कन्या भोज

रविवार को श्री महाकालेश्वर निःशुल्क अन्नक्षेत्र में कन्या पूजन एवं कन्या भोज आयोजित किया जाएगा।

12 अक्टूबर : उमा माता की सवारी और जवारे विसर्जन

महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को शाम 4 बजे मंदिर के सभामंडप में पूजन के बाद मां उमा माता की पारंपरिक एवं भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसके साथ ही जवारे विसर्जन का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

Share this story