'टिकट देने की किसकी औकात’ वाले बयान पर उमा भारती की सफाई, बोलीं- अहंकार नहीं, यही सच्चाई है

WhatsApp Channel Join Now
'टिकट देने की किसकी औकात’ वाले बयान पर उमा भारती की सफाई, बोलीं- अहंकार नहीं, यही सच्चाई है


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2029 में टिकट मिलने को लेकर दिए गए बयान पर सियासी चर्चा तेज होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई बात अहंकार से नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक अनुभव और सच्चाई से निकली थी। पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है।

दरअसल, दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उमा भारती से पूछा था कि क्या भाजपा उन्हें 2029 के लोकसभा चुनाव में टिकट देगी? इस पर उन्होंने कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है, वह खुद तय करती हैं कि उन्हें चुनाव लड़ना है या नहीं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

जिम्मेदारी व्यक्ति की योग्यता और योगदान से मिलती है

उमा भारती ने शु्क्रवार काे अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के कई नेता सामान्य परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय सेवा के निरंतर प्रयासों के माध्यम से जनता और कार्यकर्ताओं की नजर में ऊंचे उठे हैं। पार्टी उन्हें इसी आधार पर अलग-अलग जिम्मेदारियां देती चली गई। उन्होंने कहा कि यह सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रधानमंत्री तक की राजनीतिक यात्रा का उदाहरण है।

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि किसी को टिकट मिलेगा या नहीं, इस सवाल का इतना महत्व क्यों दिया जाता है। व्यक्ति जिस जिम्मेदारी के योग्य होता है, उसे वहां पहुंचाया जाता है। उनकी निजी राय में इसमें तीन बातें महत्वपूर्ण होती हैं- व्यक्ति स्वयं, उसकी जरूरत और योगदान देने की क्षमता। जब ये तीनों बातें मौजूद होती हैं तो जनता और संगठन के कार्यकर्ता भी उस व्यक्ति का समर्थन करते हैं और उसे चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी मिलती है।

उमा भारती ने स्पष्ट किया कि टिकट मिलना चुनाव आयोग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जरूरी एक वैधानिक औपचारिकता है। उनके मुताबिक, चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी केवल टिकट मिलने तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके पीछे व्यक्ति का योगदान और संगठन में उसकी स्वीकार्यता भी महत्वपूर्ण होती है।

शराबबंदी पर भी जनप्रतिनिधियों की भूमिका बताई

उमा भारती ने अपनी पोस्ट में शराबबंदी के मुद्दे पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी को लेकर नीति बन चुकी है, लेकिन इसके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए पुलिस के साथ जनप्रतिनिधियों की सजगता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के लिए चलाया गया उनका अभियान सफल रहा, क्योंकि इस विषय पर समग्रता के साथ नीति बनाई गई। अब उसके पालन और निगरानी में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story