उज्जैन: सिंहस्थ की जमीन पर अवैध निर्माण पर निगम की कार्रवाई, महासिद्ध आश्रम के भवन का हिस्सा तोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन: सिंहस्थ की जमीन पर अवैध निर्माण पर निगम की कार्रवाई, महासिद्ध आश्रम के भवन का हिस्सा तोड़ा


उज्जैन, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत नगर निगम की टीम रविवार तड़के जयसिंहपुरा पहुंची। नरसिंह घाट के पास स्थित महासिद्ध आश्रम के तीन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए पोकलैंड मशीनों से नए भवन के कुछ हिस्से तोड़े गए। भवन में रखा सामान निकालने के लिए समय देने के बाद टीम फिलहाल लौट गई।

सिंहस्थ के लिए सुरक्षित रखी गई जमीन पर हुए निर्माणों को हटाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार सुबह करीब 5 बजे निगम की टीम जयसिंहपुरा क्षेत्र में नरसिंह घाट के पास स्थित महासिद्ध आश्रम (एमएस सुकृत ट्रस्ट) पहुंची। यहां परिसर में बनाए गए तीन पक्के भवनों को अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। तीन पोकलैंड मशीनों की मदद से नए बने भवन के कुछ हिस्सों को तोड़ा गया। हालांकि, भवन के अंदर आश्रम का सामान रखा होने की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने उसे बाहर निकालने के लिए समय दिया। इसके बाद कार्रवाई अस्थायी रूप से रोक दी गई। तय समय सीमा पूरी होने पर शेष निर्माण हटाने की प्रक्रिया फिर शुरू की जाएगी।

दो नोटिस के बाद भी नहीं हटाए गए भवन

नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर के मुताबिक, आश्रम परिसर में सिंहस्थ के लिए आरक्षित जमीन पर हाल ही में तीन अलग-अलग पक्के भवन बनाए गए थे। इन निर्माणों को हटाने के लिए आश्रम संचालक को पहले दो बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के बाद भी निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाए जाने पर रविवार सुबह निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ क्षेत्र में सुरक्षित भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

भवन में सामान मिलने पर रोकी कार्रवाई

ध्वस्तीकरण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नवनिर्मित भवन के भीतर आश्रम का काफी सामान रखा हुआ है। सामान को बाहर निकालने के लिए समय दिए जाने के बाद टीम ने कार्रवाई रोक दी और मौके से लौट गई। अब दी गई समय सीमा समाप्त होने के बाद बचे हुए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई दोबारा की जाएगी।

दो दिन पहले सत्यगिरि महाराज के आश्रम पर भी कार्रवाई

सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत नगर निगम ने दो दिन पहले महासिद्ध आश्रम के पास स्थित हरियाणा वाले सत्यगिरि महाराज के आश्रम में भी कार्रवाई की थी। वहां किए गए अवैध निर्माण को पोकलैंड मशीन की मदद से ध्वस्त किया गया था। नगर निगम का अभियान सिंहस्थ क्षेत्र की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पर केंद्रित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762907 Articles

Share this story