बाबा महाकाल ने निराकार से साकार रूप में दिए दर्शन, रुद्राक्ष की माला से किया दिव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
बाबा महाकाल ने निराकार से साकार रूप में दिए दर्शन, रुद्राक्ष की माला से किया दिव्य श्रृंगार


उज्जैन, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के 4 बजे भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पट खुलते ही गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके बाद पुजारियों ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया।

इसके बाद भगवान महाकाल को रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट और रुद्राक्ष की माला अर्पित कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। बाबा के मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल सुशोभित किए गए। साथ ही डमरू, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भी भगवान का अलंकरण किया गया।

भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय का पूजन करने के बाद बाबा महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। कपूर आरती और नैवेद्य अर्पण के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर मंत्रोच्चार के बीच महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

नंदी के कान में कही मनोकामना

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर बाबा महाकाल से उनके पूरा होने की प्रार्थना की। आरती के दौरान श्रद्धालु लगातार बाबा महाकाल के जयकारे लगाते रहे। इससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780695 Articles

Share this story