भस्म आरती में बाबा महाकाल को अर्पित की भांग-चंदन और भस्म, रजत आभूषणों से किया दिव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
भस्म आरती में बाबा महाकाल को अर्पित की भांग-चंदन और भस्म, रजत आभूषणों से किया दिव्य श्रृंगार


भस्म आरती में बाबा महाकाल को अर्पित की भांग-चंदन और भस्म, रजत आभूषणों से किया दिव्य श्रृंगार


उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ भस्म आरती की शुरुआत हुई। इस दौरान भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक कर भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और विभिन्न आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। बाबा महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं धारण कराई गईं। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई।

परंपरा के अनुसार, सबसे पहले सभा मंडप में वीरभद्रजी के कान में स्वस्ति वाचन किया गया। घंटी बजाकर भगवान से आज्ञा ली गई और चांदी के पट खोले गए। इसके बाद गर्भगृह के पट खुलने पर पुजारियों ने भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारकर गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। भगवान का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद कर्पूर आरती संपन्न हुई।

रजत आभूषणों से किया आकर्षक श्रृंगार

भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल को हरिओम का जल अर्पित कर मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई। भगवान को रजत चंद्र, त्रिशूल और मुकुट के साथ शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और सुगंधित पुष्पों से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।

निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं बाबा

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित किए जाने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहीं। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780167 Articles

Share this story