उज्जैन: रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कर सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पित कर हुआ दिव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन: रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कर सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पित कर हुआ दिव्य श्रृंगार


उज्जैन, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती विशेष पूजन और दिव्य श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान किया गया। इसके बाद हरिओम जल अर्पित कर कपूर आरती की गई। भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर श्रृंगार किया गया। श्रृंगार की प्रक्रिया के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

भस्म अर्पण के बाद बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में अलंकरण किया गया। उन्हें शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। इसके साथ ही मोगरे और गुलाब सहित सुगंधित पुष्पों की मालाओं से भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाकर आरती की गई। भस्म आरती की परंपरा के अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

सोमवार सुबह भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहीं। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777782 Articles

Share this story