उज्जैन मे काल भैरव मंदिर के सामने भीषण आग, पूजन सामग्री की चार दुकानें जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन मे काल भैरव मंदिर के सामने भीषण आग, पूजन सामग्री की चार दुकानें जलकर खाक


उज्जैन मे काल भैरव मंदिर के सामने भीषण आग, पूजन सामग्री की चार दुकानें जलकर खाक


पांच दमकलों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, लाखों के नुकसान की आशंका

उज्जैन, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन विश्व प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के सामने मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से पूजन सामग्री की चार दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मंदिर के सामने स्थित एक पूजन सामग्री की दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। दुकानों में बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते चार दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और दुकानदारों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

पांच दमकलों की मदद से आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पांच दमकल वाहनों और पानी के टैंकर की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने लगातार करीब एक घंटे तक प्रयास कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। आग की लपटें पास स्थित एक पेड़ तक पहुंच गई थीं, लेकिन समय रहते उसे भी सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की अन्य दुकानों और मंदिर क्षेत्र को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

बड़ा हादसा टला

काल भैरव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि आग तड़के उस समय लगी, जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ शुरू नहीं हुई थी। यदि घटना दर्शन के व्यस्त समय में होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी और बड़ा हादसा होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

दमकल विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग में पूजन सामग्री, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story