उज्जैन विकास प्राधिकरण ने किसानों को दिया 16 करोड़ का मुआवजा
उज्जैन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उज्जैन विकास प्राधिकरण ने अपना वादा निभाते हुए मंगलवार को सिंहस्थ अंतर्गत बनने वाली 50 किलोमीटर लम्बी सडक़ों के हेतु अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा 16 करोड़ रुपए 32 किसानों को वितरित किया। भूमि को आपसी सहमती से अधिग्रहण किया गया था।
विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने बताया कि इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, नगर भाजपाध्यक्ष संजय अग्रवाल उपस्थिति थे। श्री सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों के हितों का ध्यान रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा समय पर मिले, इसके लिए प्राधिकरण लगातार काम कर रहा था।
उन्होने बताया कि सभी पात्र किसानों को उनकी राशि सौंप दी गई है। मुआवजा प्राप्त करने के बाद किसानों ने प्राधिकरण की इस त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया व आभार माना। प्राधिकरण द्वारा आने वाले दिनों में शेष बचे किसानों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें भी जल्द से जल्द मुआवजा वितरित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर प्राधिकरण के विधि अधिकारी मनीष जोशी, संपदा अधिकारी जीवनलाल मोघी, कार्यपालन यंत्री कुलदीप रघुवंशी एवं शुभम सोनी सहित कार्यालय के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

