उज्जैन: रजत चंद्र, त्रिशूल और मुकुट से सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पण के बाद दिए दिव्य दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन: रजत चंद्र, त्रिशूल और मुकुट से सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पण के बाद दिए दिव्य दर्शन


उज्जैन, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के चार बजे भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल के पट खोले गए। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर बाबा महाकाल का विशेष पूजन और आकर्षक श्रृंगार किया गया। रजत चंद्र, त्रिशूल, मुकुट और विभिन्न आभूषणों से सजे भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

परंपरा के अनुसार, सबसे पहले सभा मंडप में वीरभद्र जी के कान में स्वस्ति वाचन किया गया। घंटी बजाकर भगवान से आज्ञा ली गई, जिसके बाद सभा मंडप और गर्भगृह के पट खोले गए। पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया और भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारकर जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक-पूजन किया गया।

पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और कर्पूर आरती की गई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भस्म अर्पित की गई। भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को रजत चंद्र, त्रिशूल, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और सुगंधित पुष्पों से भी भगवान का अलंकरण किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

भस्म आरती में महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंदी हॉल में मौजूद रहे। भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं कहीं। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776181 Articles

Share this story