भस्म आरती में बाबा महाकाल का शेषनाग के रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष से किया श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
भस्म आरती में बाबा महाकाल का शेषनाग के रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष से किया श्रृंगार


उज्जैन, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के 4 बजे भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पण के बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। इस दिव्य स्वरूप में दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

बुधवार तड़के मंदिर के कपाट खुलने के बाद सबसे पहले पुजारियों ने वीरभद्रजी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया। इसके बाद चांदी के द्वार खोले गए। गर्भगृह में विराजित भगवान महाकाल सहित सभी देवी-देवताओं का पूजन किया गया। पुजारियों ने भगवान का पिछला श्रृंगार उतारकर जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक और पूजन किया गया। नंदी हॉल में नंदी महाराज का स्नान, ध्यान और पूजन भी संपन्न हुआ।

भस्म आरती की परंपरा के अनुसार प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और कपूर आरती की गई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से पवित्र भस्म अर्पित की गई। भस्म अर्पण के बाद बाबा महाकाल का शेषनाग के आकार का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला से अलंकरण किया गया। सुगंधित पुष्पों की मालाएं भी अर्पित की गईं।

भगवान को फल, ड्रायफ्रूट और मिठाइयों का भोग लगाया गया। भस्म आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर आशीर्वाद मांगा। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। बाबा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778945 Articles

Share this story