उज्जैन: शेषनाग के रजत मुकुट और ड्रायफ्रूट से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन: शेषनाग के रजत मुकुट और ड्रायफ्रूट से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु


उज्जैन, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती विशेष पूजन और दिव्य श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान का अभिषेक-पूजन किया। इसके बाद बाबा महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से सजाकर राजा स्वरूप में श्रृंगारित किया गया। ड्रायफ्रूट और आभूषणों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

मंगलवार सुबह पट खुलने के बाद सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक किया गया। भांग, चंदन और विभिन्न पूजन सामग्रियों से बाबा का पूजन किया गया। भगवान को रजत चंद्र, त्रिशूल और त्रिपुंड अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया गया।

भस्म आरती से पहले भगवान महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। बाबा को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं धारण कराई गईं। ड्रायफ्रूट से भी भगवान का विशेष अलंकरण किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।

भस्म आरती की परंपरा के अनुसार प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार और कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। झांझ, मंजीरे और डमरू की गूंज के बीच भस्म आरती हुई। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। कई श्रद्धालु नंदी हॉल में विराजित नंदी महाराज के दर्शन करने पहुंचे और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778320 Articles

Share this story