भांग, मोगरे और गुलाब के फूलों से सजे बाबा महाकाल, पंचामृत अभिषेक के बाद महानिर्वाणी अखाड़े ने अर्पित की भस्म

WhatsApp Channel Join Now
भांग, मोगरे और गुलाब के फूलों से सजे बाबा महाकाल, पंचामृत अभिषेक के बाद महानिर्वाणी अखाड़े ने अर्पित की भस्म


उज्जैन, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार तड़के भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का आकर्षक शृंगार किया गया। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद पंडे-पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। भगवान को भांग अर्पित कर त्रिपुंड, त्रिशूल और डमरू से सुसज्जित किया गया।

पूजन के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार और कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। मोगरे और गुलाब के सुगंधित फूलों से बाबा का विशेष शृंगार किया गया। इसके बाद फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781239 Articles

Share this story