सिंगरौली बस स्टैंड से दो वर्षीय मासूम बच्ची लापता, पिता के साथ रुका अज्ञात युवक भी गायब
सिंगरौली, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड से शनिवार देर रात दो वर्षीय बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश तेज कर दी है।
लापता बच्ची की पहचान मनीषा सिंह (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जियावन थाना क्षेत्र के नगोरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह की बेटी है। जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह शनिवार रात ऑडी मोड़ से बैढ़न पहुंचे थे। देर रात कोई साधन या परिचित नहीं मिलने के कारण वे अपनी मासूम बेटी के साथ बस स्टैंड परिसर में ही रुक गए।
पिता ने पुलिस को बताया कि यात्रा के दौरान बस में उनकी मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई थी। दोनों ने रात में बस स्टैंड परिसर में साथ ही आराम किया। लेकिन रात करीब 12 बजे जब अर्जुन सिंह की नींद खुली, तो उनकी बेटी और वह युवक दोनों गायब थे। घबराए पिता ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लापता बच्ची और संदिग्ध युवक का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

