उज्जैन: तलाब में डूबने से दो किशोरों की मौत, एक घंटे में निकाले शव
उज्जैन , 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के इंदौर रोड स्थित ग्राम राघौ पिपलिया में मंगलवार दोपहर गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित एक तलाब में नहाने के लिए तीन किशोर गए थे। गहरे पानी में जाने के कारण दो किशोर डूब गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव 20 फीट की गहराई से निकाले।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव ने बताया कि मंगलवार दोपहर 12 बजे ग्राम राघौ पिपलिया में रहने वाले रोहित पुत्रग गोवर्धन डोरिया 15 वर्ष, दीपेश पुत्र पवन राजोरिया 14 वर्ष और शुभम पुत्र कमल नहाने के लिए गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित रश्मि सरोवर गए थे। नहाने के दौरान रोहित और दीपेश गहरे पानी में डूब गए। यह देख शुभम घबरा गया वह दौडक़र गांव मेंं पहुंचा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
एक साथ निकले दोनों के शव
गांव में रहने वाले बहादुर मालवीय ने बताया कि एक घंटे की तलाश के बाद दोनों शव एक साथ मिले। बहादुर ने शंका जताई की रोहित और दीपेश एक साथ गहरे पानी में डूब रहे होंगे। दोनों ने बचने के लिए तैरने के प्रयास भी किया होगा। जब तालाब में शवों को खोजा जा रहा था,तब दोनों के शव एक साथ करीब 20 फीट की गहराई में मिले।
एकलौता पुत्र था दीपेश
पुलिस ने बताया कि दोनों ही किशोर के पिता मजदूरी कर अपने परिवार को पालन पोषण करते है। रोहित की एक बहन और एक भाई है। वहीं दीपेश के परिवार में उसकी एक बहन है। हादसे के बाद गांव में शोक छा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

