अशोकनगर : गीता ओलंपियाड की अखिल भारतीय परीक्षा में दो विद्यार्थियों ने नाम किया रोशन

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर : गीता ओलंपियाड की अखिल भारतीय परीक्षा में दो विद्यार्थियों ने नाम किया रोशन


अशोकनगर : गीता ओलंपियाड की अखिल भारतीय परीक्षा में दो विद्यार्थियों ने नाम किया रोशन


अशोकनगर, 3 दिसम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में गीता को घर-घर पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके तहत प्रदेश में गीता को लेकर आयोजन शुरू किये गये हैं।

इसी तारतम्य में प्रदेश भर में गीता जयंती के भव्य कार्यक्रम प्रदेश भर में आयोजित किये गये। इससे पूर्व विश्व गीता प्रतिष्ठानम् संस्थान ने विद्यार्थियों के लिए तीन अलग-अलग वर्गों में गीता ओलंपियाड परीक्षाएं आयोजित की थी। इस परीक्षा में यहां के दो विद्यार्थियों ने भाग 2 की गीता ओलंपियाड की अखिल भारतीय परीक्षा में क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

भाग 2 की परीक्षा जो कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिये आयोजित की थी उसमें शाढ़ौरा के द्रोपदी पब्लिक स्कूल की आदिवासी छात्रा कु. रोशनी बरोदिया पुत्री रघुवीर आदिवासी निवासी ग्राम सेजी ने अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि ज्योति ज्ञान मंदिर अथाईखेड़ा के छात्र कृष्णा शर्मा पुत्र राजीव शर्मा ने इसी वर्ग में तीसरा स्थान हासिल करके विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है। कु. रोशनी ने विद्यालयीन परीक्षा में, जिला स्तरीय परीक्षा, प्रांत स्तरीय परीक्षा, में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए उज्जैन में हुए अंतिम अखिल भारतीय परीक्षा में 61 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस होनहार आदिवासी छात्रा ने जिले की तहसील शाढौरा, द्रोपदी पब्लिक स्कूल शाढौरा और गीता ओलंपियाड परीक्षा के स्थानीय संचालक के नाम को रोशन किया है।

इसी तरह कृष्णा शर्मा ने भी गीता ओलंपियाड की अखिल भारतीय परीक्षा में 60 अंक हासिल करके भाग 2 की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कृष्ण के पिता राजीव शर्मा एवं माता आशा शर्मा तथा कृष्णा स्वयं लगातार गीता पारायण में सक्रिय रहते हैं। इस परीक्षा में दोनों छात्रों को परितोषित स्वरूप राशि भी प्राप्त होगी जो उनके अभिभावकों के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। प्रदेश स्तर पर भाग 1 की परीक्षा में स्वामी विवेकानन्द उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कु.सृष्टि राजपूत पुत्री शिवराम सिंह राजपूत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्योति ज्ञान मंदिर के पुष्कर बैरागी पुत्र सतीश बैरागी ने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। विश्व गीता प्रतिष्ठानम् की अशोकनगर इकाई के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Share this story