अनूपपुर में दो अलग-अलग हादसों में नाबालिग समेत दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक नाबालिग बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना से जुड़ी है, जबकि दूसरी घटना जैतहरी थाना क्षेत्र में खाई में गिरने से हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के बड़ी मौहरी निवासी विनोद कुमार साहू अपने परिवार के साथ मां नर्मदा के दर्शन कर कार क्रमांक एपी-18-जेडसी-2522 से वापस घर लौट रहे थे। गुरुवार को किरर घाट स्थित सिद्धबाबा मंदिर के नीचे उनकी कार की सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी-51-सीए-6950 से टक्कर हो गई।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार में सवार 10 वर्षीय आयुष साहू पुत्र विनोद कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक बालक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया तथा अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी घटना जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैहार के दुखवाटोला में सामने आई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 45 वर्षीय पचलू बैगा की 60 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अमर वर्मा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से खाई से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जैतहरी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार पचलू बैगा को कभी-कभी मिर्गी की बीमारी के कारण चक्कर आने की समस्या रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि वह देर रात किसी कार्य से या शौच के लिए गांव के किनारे स्थित खाई की ओर गया होगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है तथा हादसों के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

