राजगढ़ः लखनवास में शिक्षा सुविधाओं को मिली नई गति, 1.91 करोड़ से बनेंगे 7 नए कक्ष,200 विद्यार्थियों को मिलीं साइकिलें

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः लखनवास में शिक्षा सुविधाओं को मिली नई गति, 1.91 करोड़ से बनेंगे 7 नए कक्ष,200 विद्यार्थियों को मिलीं साइकिलें


राजगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनवास में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मध्यप्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने बुधवार को करीब 1 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 7 अतिरिक्त कक्षों एवं अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं।

परीक्षा परिणाम में सुधार, अब उत्कृष्टता की ओर बढ़ने का आह्वान कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने विद्यालय के परीक्षा परिणाम में हुए सुधार की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अच्छे परिणाम से संतुष्ट होकर रुकना नहीं है, बल्कि इसे और बेहतर बनाकर उत्कृष्टता के नए मापदंड स्थापित करने हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि लखनवास में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं मिल सकें। लक्ष्य तय करें, मेहनत से हासिल करें सफलता मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य, संकल्प और निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने एकलव्य के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेने की बात कही। नई शिक्षा नीति में कौशल और प्रतिभा पर जोर राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए पंवार ने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल विकसित करना है। नई शिक्षा नीति रचनात्मकता, नवाचार, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों के लिए विद्यार्थियों को तैयार कर रही है।

गांव के बच्चों को शहर जैसी सुविधाएं देने पर जोर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। कांग्रेस पर साधा निशाना मंत्री पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय शिक्षा और ग्रामीण विकास को अपेक्षित गति नहीं मिली। वर्तमान सरकार विद्यालयों में भवन, कक्ष, संसाधन और विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, जसवंत गुर्जर, मंडल अध्यक्ष दिनेश मीना,बीईओ दिलीप शर्मा, बीआरसी जीके दुबे, सुठालिया तहसीलदार रामनिवास धाकड़, प्राचार्य विनोद मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story