राजगढ़ःब्यावरा से 200 बुजुर्ग एसी ट्रेन से अयोध्या रवाना, रामलला दर्शन को लेकर दिखा उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःब्यावरा से 200 बुजुर्ग एसी ट्रेन से अयोध्या रवाना, रामलला दर्शन को लेकर दिखा उत्साह


राजगढ़,4 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेेशन से गुरुवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 200 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम के लिए विशेष एसी ट्रेन से रवाना किया गया। रामलला के दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों का भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा तिलक लगाकर स्वागत किया।

तीर्थयात्रियों को एसी कोच वाली भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से यात्रा की सुविधा मिलने पर बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रियों ने सरकार द्वारा यात्रा, भोजन और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था किए जाने पर खुशी जताई।रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, जनपद अध्यक्ष जगदीश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, भाजपा नेता मोहन पंवार, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री दीपक समारे, पार्षद विष्णु साहू, राम भील, गिरिराज लववंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की। मंडल अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुजुर्गों की वर्षों पुरानी तीर्थ यात्रा की इच्छा को पूरा कर रही है।

उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे माता-पिता हैं, जो आर्थिक कारणों से धार्मिक स्थलों के दर्शन नहीं कर पाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उनके सपनों को साकार कर रही है। अयोध्या यात्रा पर रवाना होने से पहले बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। रामलला के दर्शन को लेकर यात्रियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story