बैतूल में सड़क हादसे में घायल दो दोस्तों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

WhatsApp Channel Join Now
बैतूल में सड़क हादसे में घायल दो दोस्तों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम


बैतूल, 29 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सोहागपुर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की इलाज के दौरान मौत हो गई, पुलिस ने शुक्रवार को शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोहागपुर के पास की है, जहां बाइक सवार दो दोस्तों की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। मृतकों की पहचान जामठी निवासी 20 वर्षीय साजन धुर्वे और जुना वाणी निवासी 27 वर्षीय रवि धुर्वे के रूप में हुई है। दोनों काम के सिलसिले में अक्सर गुजरात जाते थे और कुछ दिन पहले ही वापस लौटकर बैतूल के आसपास मजदूरी कर रहे थे। गुरुवार को दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी सोहागपुर के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

राहगीरों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में जीवन और मौत से जूझते हुए गुरुवार रात रवि धुर्वे ने दम तोड़ दिया, जबकि शुक्रवार तड़के साजन धुर्वे ने भी अंतिम सांस ली। बैतूल बाजार पुलिस ने शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। रवि के परिवार में माता-पिता व दो भाइयों के अलावा एक बहन है जो टीकमगढ़ पुलिस में पदस्थ है, वहीं साजन के परिवार में माता-पिता, एक छोटा भाई और एक बहन हैं। दोनों युवकों की मौत से उनके पैतृक गांवों में मातम छा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story