राजगढ़ः जिले में सांप के डसने से दो किसानों की मौत,जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिले में सांप के डसने से दो किसानों की मौत,जांच शुरू


राजगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जहरीले सांप के डसने से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम नांईहेड़ा की है, जहां 27 वर्षीय भगवानसिंह मालवीय की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना लीमाचैहान थाना क्षेत्र की है, जहां 55 वर्षीय प्रेमनारायण खाती की अस्पताल पहुंचने से पहले ही जान चली गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम ग्राम नांईहेड़ा निवासी भगवानसिंह (27)पुत्र रमेशचंद्र मालवीय नदी किनारे भैंस चरा रहा था। इसी दौरान वह पास बने चबूतरे पर बैठ गया। कुछ देर बाद जैसे ही उसने नीचे पैर रखा, झाड़ियों में छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भगवानसिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

दूसरी ओर, लीमाचैहान थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय प्रेमनारायण पुत्र बालकिशन खाती देर शाम खेत में फसल देखने गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। परिजन पहले उन्हें स्थानीय देवस्थान ले गए, लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ने पर सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर ब्यावरा थाना पुलिस और सारंगपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। दोनों मामलों में जीरो पर मर्ग कायम कर संबंधित थाना क्षेत्रों करनवास और लीमाचैहान पुलिस को जांच के लिए प्रकरण भेज दिए गए हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने से लोगों में दहशत का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story