अनूपपुर: आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत, एक घायल
अनूपपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की नर्मदा उद्गम स्थली अमरकंटक में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद अमरकंटक के वार्ड क्रमांक-2 स्थित बराती क्षेत्र में शनिवार शाम तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से 18 वर्षीय हर्ष टांडिया, 17 वर्षीय आरती वर्मा और 17 वर्षीय राधा गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया गया कि बराती में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के समापन के बाद तीनों भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हर्ष टांडिया और आरती वर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राधा का उपचार जारी है।
उल्लेखनीय है कि अमरकंटक क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से तेज आंधी, तूफान और लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम खराब होने के कारण लगातार आसमानी बिजली भी चमक रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

