राजगढ़ःपंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, छह मंडलों के कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक मार्गदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःपंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, छह मंडलों के कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक मार्गदर्शन


राजगढ़, 05 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के सभी छह मंडलों में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्गों का समापन रविवार को सुठालिया मंडल में हुआ। यह महाअभियान पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने और जनसेवा की भावना को और प्रबल करने के उद्देश्य से संचालित किया गया।

सुठालिया मंडल का प्रशिक्षण शनिवार को बड़े बाग वाले हनुमान मंदिर परिसर में विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के पूजन और दीप प्रज्वलन से किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुई। इस महाअभियान के तहत ब्यावरा, गिंदौरहाट, मलावर, गादिया एवं पीपलहेला मंडलों में 15 से 20 मार्च तक दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए थे। अंतिम चरण में सुठालिया मंडल के प्रशिक्षण के साथ संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।

राज्यमंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार निरंतर विकास कार्यों को नई गति प्रदान कर रही है। वहीं केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ,सबका विकास,सबका विश्वास,सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर काम करते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

मंत्री पंवार ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत को भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार बताया। प्रशिक्षण सत्रों में संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति, अनुशासन, कार्य विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका, जनसंपर्क एवं अन्य विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इसी क्रम में नीलम सक्सेना, दिलवर यादव, दिलीप कुशवाह, मनोज हाड़ा, देवी सिंह और जगदीश पंवार सहित अन्य वक्ताओं ने महत्वपूर्ण सत्र लिए। कुल 8 सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और जनसेवा की भावना को और प्रबल करने के संदेश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story