उज्जैनः शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की दो दिवसीय कार्यशाला बुधवार से

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की दो दिवसीय कार्यशाला बुधवार से


उज्जैन, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास,नई दिल्ली और अवंतिका विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की ओर विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को अवंतिका विश्वविद्यालय परिसर में प्रात: 9.30 बजे होगा। कार्यशाला में देशभर के शिक्षाविद्, विषय विशेषज्ञ और शोधार्थी मंथन करेंगे।

न्यास के क्षेत्र संयोजक प्रचार-प्रसार डॉ. जफर महमूद ने बताया कि शुभारंभ सत्र के मुख्य अतिथि न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी,विशिष्ट अतिथि 0गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलगुरु प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल और सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज होंगे। अध्यक्षता अवंतिका विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नितिन राणे और न्यास के राष्ट्रीय सह संयोजक ओम प्रकाश शर्मा करेंगे।

दो दिवसीय कार्यशाला में भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और विकसित भारत की दिशा में देश के बढ़ते कदम व आगामी क्रियान्वयन पर विमर्श होगा। तकनीकी सत्र को एसजीटी विश्वविद्यालय गुरुग्राम स्थित रामानुजन अनुसंधान केंद्र की निदेशक प्रो. अनीता शर्मा संबोधित करेगी। युवा संवाद कार्यक्रम को न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी संबोधित करेंगे।

कार्यशाला समन्वयक एवं न्यास के प्रांत संयोजक सुनील पंड्या ने बताया कि इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रतिमान केंद्रों और विश्वविद्यालयों द्वारा विकसित भारत के लिए किए जा रहे नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यशाला का समापन 10 सितंबर को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story