मंदसौर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, कलेक्शन एजेंट समेत दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, कलेक्शन एजेंट समेत दो की मौत


मंदसौर, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में शुक्रवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। करजू और करनाखेड़ी गांव के बीच मगरा क्षेत्र में आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों सवारों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सीतामऊ तहसील निवासी राजवीर सिंह (पिता भरत सिंह) और नांदवेल निवासी 38 वर्षीय विष्णुलाल (पिता मांगीलाल) के रूप में हुई है।

बताया गया है कि राजवीर सिंह एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट थे। शुक्रवार देर रात को वे भावगढ़ क्षेत्र में काम पूरा करने के बाद बाइक से मंदसौर लौट रहे थे। दूसरी ओर, विष्णुलाल कृषि कार्य से जुड़े थे और मंदसौर से अपने गांव नांदवेल वापस जा रहे थे। इसी दौरान करजू के समीप दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्‍कर हो गई।

हादसे में आमने सामने की टक्‍कर में मोटरसाइकल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।

ग्राम करजू के सरपंच गोपाल पाटीदार ने बताया कि सूचना मिलते ही वे ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पहुंचे। एक घायल को एंबुलेंस से जबकि दूसरे को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजवीर सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल विष्णुलाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना से गहरा दुख व्याप्त है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story