अनूपपुर: दो बाइकों सवारों की आमने-सामने की भिड़ंत, एक गंभीर घायल
अनूपपुर, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से सटे ग्राम परसवार के पास मंगलवार-बुधवार की रात्रि दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। जिसमे एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे शहडोल रेफर किया गया है। मौके पर घायलों की मदद कर रहे लोगों के साथ कुछ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की और उनके मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के परसवार निवासी 32 वर्षीय ब्रजभान सिंह गोंड दो पहिया वाहन से जा रहे थे। अनूपपुर-चचाई मुख्य मार्ग पर सामने से दो पहिया वाहन आ रहे चोरभट्टी जैतहरी निवासी 29 वर्षीय जय प्रकाश राठौर से टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार घायल हो गए। ब्रजभान सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जय प्रकाश राठौर का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
मदद कर रहे लोगों से मारपीट
हादसे के बाद, वहां से गुजर रहे एक चार पहिया वाहन में सवार कुछ लोग घायलों की मदद के लिए रुके। वे 112 और एंबुलेंस को फोन कर रहे थे। तभी एक अन्य चार पहिया वाहन पहुंचा, जिसमें सवार चार अज्ञात लोगों ने मदद कर रहे लोगों के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए। जमुडी निवासी राकेश सिंह और चिल्हारी अनूपपुर निवासी राजेंद्र पटेल को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

