सिंहस्थ-2028 की समीक्षा करने उज्जैन आये दो अपर मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
सिंहस्थ-2028 की समीक्षा करने उज्जैन आये दो अपर मुख्य सचिव


उज्जैन, 11 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को प्रदेश शासन के दो अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और संजय दुबे उज्जैन आए। उन्होंने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को अपने साथ लिया और सिंहस्थ के चल रहे निर्माण कार्यों की मौके पर जाकर स्थिति देखी। साथ ही एक समीक्षा बैठक भी ली। यह खास बात रही कि मैदानी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान अपर मुख्य सचिव संजय दुबे कार चला रहे थे और समीप की सीट पर अपर मुख्य सचिव डॉ. राजौरा बैठे हुए थे। इनके वाहन की पिछली सीट पर कलेक्टर और अधीनस्थ अधिकारी बैठे थे।

डॉ. राजौरा, श्री दुबे और श्री सिंह ने सिंहस्थ कार्यों को निर्माण स्थलों पर देखा तथा उनकी ड्रॉइंंग डिजाइन संबंधित विभागों के इंजीनियर्स से मांगी। नक्शे को देखने के बाद स्थितियों को समझा। वे कान्ह डायवर्शन योजना के तहत बन रही टनल के अंदर भी उतरे और वहां की भौतिक स्थिति देखी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सारे निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूर्ण हो जाएंगे।

रविवार को अपर मुख्य सचिव राजेश राजोरा और संजय दुबे ने सिंहस्थ कार्यो के निरीक्षण की शुरुआत शनि मंदिर से की। यहां पर निर्माणाधीन ब्रिज और सडक़ की जानकारी ली और किस प्रकार से भीड़ प्रबंधन किया जाएगा और आगामी प्रस्तावित कार्यों से क्या लाभ होगा इसकी समीक्षा की। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने दो तालाब से बनने वाले फोरलेन, लालपुल के पास बन रहा है। फोरलेन, प्रस्तावित मेला कार्यालय, नवीन सर्किट हाउस स्थल और उसकी कार्य योजना का भी निरीक्षण किया और इसी के साथ मेला क्षेत्र में लाइटिंग और अन्य मार्गों के प्रस्तावित योजना की भी समीक्षा कर निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव राजेश राजोरा ने कहा कि सभी प्रस्तावित कार्यों को पूर्ण सतर्कता के साथ करें और यह देखें कि सिंहस्थ के दौरान इनकी उपयोगिता किस प्रकार से होगी। इसी के साथ अस्थाई रूप से बनने वाले मेला क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। नईखेड़ी तक बनने वाले रोड के संबंध में भी निरीक्षण कर आवश्यक बातें नोट की। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने सभी प्रस्तावित कार्यों पर गहन परीक्षण और विचार करने के निर्देश दिए।

दोनों अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जिला प्रशासन यह तय करें कि सिंहस्थ के लिए सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण हो जाएं। यदि किसी निर्माण काम में देरी या समस्या आ रही है तो उसकी तात्कालिक रूप से जानकारी लेकर सूचित करें। अपर मुख्य सचिव द्वारा जल संसाधन विभाग के द्वारा बनाए जा रहे कान्ह नदी डायवर्सन के लिए बनाई जा रही टनल का भी नीचे उतर का निरीक्षण किया और कार्य योजना की पूर्ण जानकारी ली। इस अवसर पर बताया गया कि टनल का काम लगभग 50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

अपर मुख्य सचिव द्वारा एक ही गाड़ी में बैठकर निरीक्षण किया गया। जिसमें अपर मुख्य सचिव से संजय दुबे ने स्वयं गाड़ी चलाई और गाड़ी की फ्रंट सीट पर श्री राजौरा बैठे। उनके साथ पीछे की सीट पर बैठकर कलेक्टर द्वारा सभी कार्य योजना की जानकारी दी जाती रही। अपर मुख्य सचिव ने निरीक्षण के बाद समीक्षा के दौरान कहा कि कार्य योजना को तार्किकता के साथ प्रस्तुत करें जिससे प्रस्तावित कार्यों को जल्दी ही मंजूरी मिल सके। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था सीवर ट्रीटमेंट और ड्रेनेज लाइन पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निगमायुक्त संतोष टैगोर, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट और अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story